MP Politics: बीजेपी भिंड जिले की लहार विधानसभा सीट को फ़तह करने की पूरी तैयारी में हैं. लेकिन, बीते चुनावों पर नज़र डाले तो यह इतना आसान भी नहीं हैं क्योंकि ये इलाका डॉ. गोविन्द सिंह का गढ़ माना जाता हैं.
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह लगातार 7 बार से यहां कांग्रेस के टिकट पर जीत का परचम लहरा रहे हैं. ऐसे में अब देखना ये होगा की आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में बीजेपी की रणनीति गोविन्द सिंह का किला भेद पाती हैं या नहीं?
बीजेपी जीत के दावे के साथ जमीनीं स्तर पर पकड़ मजबूत बनाने के लिए चुनावी रणभूमि में उतर गई हैं. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी लहार में आयोजित लाडली बहना सम्मेलन एवं कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए.
इस दौरान जीत के दावे के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डॉ. गोविन्द सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि जिनको आपने 7 बार मौका दिया और जो ये समझते हैं कि लहार तो उनकी बपौती है, उनको इस बार जवाब लहार की जनता देगी.
वहीं, सीएम शिवराज ने भी ना सिर्फ गोविन्द सिंह बल्कि कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा. इससे पहले रोड शो के दौरान भी दोनों ही नेताओं का ज़ोश देखने लायक था.