INDIA vs NDA: विपक्षी दलों ने आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज़ कर दी हैं. बिहार की राजधानी पटना के बाद आज (18 जुलाई) विपक्ष दूसरी बार बेंगलुरु में एकजुट हुआ. इस बैठक के ज़रिए विपक्षी दलों ने मोदी सरकार (NDA) को चुनौती देने के लिए 2024 की रणनीति पर मंथन किया. साथ ही विपक्षी एकजुटता को "INDIA" यानी Indian, National, Democratic, Inclusive, Alliance नाम दिया गया.
विपक्ष को कैसे मिला 'INDIA' नाम-
विपक्षी गठबंधन का नाम 'INDIA' कैसे पड़ा? इसके पीछे की कहानी ख़ुद बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में राहुल गांधी ने बताई. प्रेस कांफ्रेंस में राहुल गांधी बोले, हमारी लड़ाई बीजेपी की विचारधारा और सोच के खिलाफ है. वो देश पर आक्रमण कर रहे हैं, बेरोजगारी फैल रही है. देश का पूरा धन चुने हुए लोगों के पास जा रहा है. इसलिए, जब हम चर्चा कर रहे थे तो हमने आपस में सवाल पूछा कि ये लड़ाई किसके बीच है.
राहुल गांधी ने आगे कहा, ये लड़ाई बीजेपी और देश के लोगों के बीच है. ये लड़ाई नरेंद्र मोदी और INDIA के बीच है. ये लड़ाई विपक्ष और बीजेपी के बीच नहीं है. ये देश की लड़ाई है इसलिए, गठबंधन का नाम INDIA नाम रखा गया. अब ये लड़ाई INDIA और NDA के बीच है. सबको पता है कि जब कोई INDIA के खिलाफ खड़ा होता है तो जीत किसकी होगी? आज बैठक के दौरान ही ये (INDIA) नाम निकला. महाराष्ट्र में अगली बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, अब हम एक “एक्शन प्लान” तैयार करेंगे.