MP Investors Summit 2024: मध्य प्रदेश में इन्वेस्टर्स समिट होने जा रही है, जिसे रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का नाम दिया गया है. इस बार ये इन्वेस्टर्स समिट महाकाल की नगरी उज्जैन में हो रही है. प्रदेश में रोजगार बढ़ाने को लेकर ये समिट काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस समिट में मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ कैबिनेट मंत्री और अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
देखें लाइव:
उज्जैन में आज से इस दो दिवसीय (1-2 मार्च) इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन शुरू होगा. इस समिट से हजारों युवाओं को रोजगार देने की तैयारी भी की जा रही है. वहीं, इस कॉन्क्लेव में उज्जैन के साथ मालवा-निमाड़ उद्योगों पर भी चर्चा की जाएगी. इस आयोजन के पहले ही राज्य सरकार को उद्योगों के लिए भूमि आवंटन करने से 325 करोड़ रुपए के राजस्व की प्राप्ति हुई है.
इस इन्वेस्टर्स समिट में विशेष रूप से पर्यटन, कृषि, फिल्म उद्योग और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों पर फोकस रहेगा. इस समिट में प्रदेश ही नहीं बल्कि गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत कई अन्य राज्यों के निवेशक भी हिस्सा लेंगे. डॉ. मोहन यादव सरकार फिल्म उद्योग और धार्मिक पर्यटन पर भी पूरी तरह फोकस कर रही है.
साथ ही धार्मिक पर्यटन और फिल्म उद्योग के जरिए हजारों लोगों को रोजगार देने का प्लान तैयार किया जा रहा है. इसके अलावा बीते दिनों फिल्मों की शूटिंग भी प्रदेश में काफी बढ़ी है, जिसे लेकर संभावनाएं भी ज्यादा है. ऐसे में सरकार ने फिल्म इंडस्ट्रीज से जुड़े व्यापारियों को भी इन्वेस्टर समिट में आमंत्रित किया है.