उत्तराखंड के चार धामों गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ की यात्रा इस वर्ष अब अपने समापन की ओर बढ़ रही है। अब चारों धाम के कपट बंद होने की तारीखों का भी ऐलान कर दिया गया है। दशहरे के दिन धार्मिक समारोह में पूजा-अर्चना, विधि-विधान पूर्वक पंचांग गणना पश्चात लग्न, मुहूर्त देखकर चार धाम मंदिरों के कपाट बंद करने की तिथि तय की गयी। 

आइये जानते हैं कब किस धाम के कपाट होंगे बंद।  

बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष के मुताबिक़ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष शनिवार 19 नवंबर को शाम 3 बजकर 35 मिनट पर बंद होंगे। वहीं श्री केदारनाथ धाम के कपाट 27 अक्टूबर प्रात: 8.30 बजे भैया दूज के अवसर पर बंद होंगे। 

साथ ही गंगोत्री धाम के कपाट 26 अक्टूबर गोवर्धन पूजा के दिन 12 बजकर एक मिनट पर तथा यमुनोत्री धाम के कपाट भैया दूज 27 अक्टूबर को मध्यान  अभिजीत मुहूर्त में शीतकाल हेतु बंद हो जायेंगे। वहीं श्री हेमकुंट साहिब लक्ष्मण मंदिर के कपाट 10 अक्टूबर को बंद हो रहे है।

गौरतलब है कि तीन मई को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से ही चारधाम यात्रा शुरू हो गई थी और अब दशहरे के मौके पर चार धाम यात्रा के कपाट बंद होने की तिथि भी आ गई। इस वर्ष अब तक करीब 38 लाख से ज्यादा श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं।