लाड़ली बहना योजना के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को 'मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना' की भी शुरुआत कर दी। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में मुख्यमंत्री शिवराज ने लाड़ली बहना आवास योजना के अंतर्गत हितग्राही का स्वयं पंजीयन कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि मेरा सपना है कि मेरी कोई बहन टूटी-फूटी झोपड़ी में न रहे। उनका पक्का मकान बने, इसके लिए हर गाँव में फॉर्म भरवाए जाएंगे। साथ ही बताया कि लाड़ली बहना आवास योजना में ऐसे परिवार पात्र होंगे जिन्हें किसी भी सरकारी योजना में मकान नहीं मिला है।
सीएम शिवराज ने कहा कि जैसे लाड़ली बहना योजना के फॉर्म भरवाए गए, वैसे ही हर गांव में इसके भी फॉर्म भरवाए जाएंगे। जल्द शहरों के लिए भी एक योजना लेकर आ रहे हैं। शहरों में अगर मल्टी बनेगी तो मकान बनाकर वहां दे देंगे।
योजना के लेकर CM शिवराज ने बताया कि ऐसे परिवार जिन्हें किसी भी सरकारी योजना में मकान नहीं मिला, जिनके पास पक्का मकान नहीं है या फिर दो कमरों तक के कच्चे मकान हैं, वे इस योजना के लिए पात्र होंगे। परिवार की मासिक आमदनी 12 हजार रु. प्रतिमाह से कम होनी चाहिए। 2.5 एकड़ सिंचित, 5 एकड़ असिंचित जमीन वाले परिवार भी इस योजना के लिए पात्र होंगे। जिनके पास चार पहिया वाहन हैं, वे अपात्र होंगे।'
बता दें कि इस योजना का लाभ एमपी में 97000 हजार परिवार को मिलना है। योजना के लिए निर्धारित आवेदन फॉर्म जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थी ग्राम पंचायत में फॉर्म जमा करेंगे। सचिव और ग्राम रोजगार सहायक उन्हें पावती देंगे।
इसके साथ ही आवेदन के लिए समग्र आईडी, आधार नंबर, बैंक अकाउंट नंबर, जॉब कार्ड (अगर उपलब्ध है), लाड़ली बहना का पंजीयन क्रमांक (केवल लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों के लिए) और खुद की सत्यापित प्रति जरूरी होगी।
साथ ही ग्राम पंचायत इस योजना के अंतर्गत 17 सितंबर 2023 से पांच अक्टूबर 2023 तक आवेदन प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, आवेदन पत्र प्राप्त किए जाने की अंतिम तारीख के एक सप्ताह के अंदर हर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत से आए अवेदनों को जिला पंचायत सीईओ को भेजना पड़ेगा।