देशभर में महाशिवरात्रि पर्व आस्था के साथ मनाया जा रहा है। शिवालयों में जयकारे गूंज रहे हैं। उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद पहली महाशिवरात्रि पर 10 लाख भक्तों के आने का अनुमान है।

सुबह 9 बजे तक ही मंदिर करीब दो लाख भक्त दर्शन कर चुके थे। महाकाल का राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया है। मंदिर में रात 10 बजे से भक्तों की कतार लगना शुरू हो गई थी। सुबह 3 बजे ही पट खोले गए। सुबह 4 बजे से 5 बजे तक भस्मारती हुई। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह 8 बजे बड़वाले मंदिर पहुंचकर पूजा की। मुख्मंत्री ने कहा, मां पार्वती और भगवान शंकर की पूजा में जनता पूरे मनोयोग से जुटी हुई है।  पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी सुख और समृद्धि की कामना की।

महाकाल महाराज की नगरी आज दीपों से जगमग होगी। ‘ शिव ज्योत अर्पणम्’ कार्यक्रम में शिप्रा नदी के तीरे  21 लाख दिए  एक साथ प्रज्ज्वलित किए जाने का विश्व रिकार्ड भी बनेगा। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सहित कई खास और आम नागरिक इस पल के साक्षी बनेंगे।