पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से मध्यप्रदेश स्टार्टअप पोर्टल का शुभारंभ किया। सीएम शिवराज ने इंदौर में "MP StartUp Policy 2022" के शुभारंभ के अवसर पर स्टार्टअप्स के नव उद्यमियों को वित्तीय सहायता प्रदान कर शुभकामनाएं दी।
देखिये लाइव-
मोदी का स्टार्टअप प्लान:
मध्यप्रदेश स्टार्टअप पोर्टल के शुभारंभ अवसर पर पीएम मोदी बोले, आज देश में जितनी प्रोएक्टिव स्टार्टअप नीति है, उतना ही परिश्रमी स्टार्टअप नेतृत्व भी है। इसलिए देश एक नई युवा ऊर्जा के साथ विकास को गति दे रहा है। आज मध्य प्रदेश में स्टार्टअप पोर्टल का शुभारंभ हुआ है। 2014 में देश में 300-400 आस-पास स्टार्टअप हुआ करते थे। आज 8 वर्ष के छोटे से कालखंड में भारत में स्टार्टअप की दुनिया ही बदल चुकी है। आज हमारे देश में करीब 70 हजार स्टार्टअप्स हैं। आज भारत में दुनिया का सबसे बड़ा स्टार्टअप्स इकोसिस्टम है।
उन्होंने कहा, स्टार्टअप का दायरा और विस्तार बहुत बड़ा है। स्टार्टअप हमें कठिन चुनौतियों का सरल समाधान देते हैं। हम देख रहे हैं कि आज के स्टार्ट अप, कल के मल्टी नेशनल्स बन रहे हैं। आज कृषि, रिटेल बिजनेस, स्वास्थ्य क्षेत्र में नए-नए स्टार्ट अप उभरकर आ रहे हैं। जब हम दुनिया को भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम की प्रशंसा करते हुए सुनते होते हैं तो हर हिंदुस्तानी को गर्व होता है। 8 साल पहले तक स्टार्टअप शब्द कुछ गलियारों में ही चर्चा का हिस्सा था वो आज सामान्य भारतीय युवा के सपने पूरे करने का एक सशक्त माध्यम बन गया है।
मोदी बोले, भारत में नया करने की, नए आइडिया से समस्याओं के समाधान की ललक हमेशा रही है। लेकिन दुर्भाग्य से जितना प्रोत्साहन, जितना समर्थन पहले के दौर में हमारे युवाओं को मिलना चाहिए था, उतना मिला नहीं। आवश्यकता इस बात की थी कि आईटी रिवोल्यूशन से बने माहौल को चैनलाइज किया जाता, एक दिशा दी जाती, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। हमने देखा कि एक पूरा दशक घोटालों में, पॉलिसी पैरालिसिस में इस देश की एक पीढ़ी के सपनों को तबाह कर गया।
उन्होंने कहा, स्टार्ट अप के लिए फंडिग भी बहुत अहम है, इसमें उन्हें सरकार की ठोस नीतियों की वजह से मदद मिली। सरकार की तरफ से fund of funds तो बनाया है, स्टार्ट अप को प्राइवेट सेक्टर से जोड़ने के लिए अलग-अलग प्लेट फॉर्म तैयार किए गए। भारत मोबाइल गेमिंग के मामले में दुनिया के टॉप 5 देशों में है। भारत की गेमिंग इंडस्ट्री की ग्रोथ रेट 40% से भी ज्यादा है। इस बार के बजट में हमने एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट, गेमिंग और कॉमिक (AVGC) इन सेक्टर पर सपोर्ट को भी जोर दिया है।
मोदी ने कहा कि भारत के 800 से ज्यादा स्टार्ट अप स्पोर्ट्स से जुड़े हुए हैं। इसमें भी जिस प्रकार से भारत में स्पोर्ट्स का कल्चर बना है, उससे स्टार्ट अप के लिए इस क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं। हमें देश की सफलता को नई गति देनी है, नई ऊंचाई देनी है।
कोशिश करने वालों की हार नहीं होती- सीएम
सीएम शिवराज ने कहा, दुष्यंत कुमार जी ने कहा था कि कौन कहता है कि आसमां में सुराख नहीं हो सकता,एक पत्थर तो तबीयत से उछालों यारो। अटल जी ने भी कहा था कि कोशिश करने वालों की हार नहीं होती और आज मैं कह रहा हूं कि तुम मुझे आयडिया दो, मैं तुम्हें अवसर दूंगा। मध्यप्रदेश ने पंजाब और हरियाणा को गेहूं के उत्पादन में पीछे छोड़ा है और अब बंगलौर एवं हैदराबाद को स्टार्टअप्स के मामले में पीछे छोड़ने के लिए इंदौर संकल्पित है। इंदौर जब कुछ तय करता है, तो उसे कर दिखाता है।
उन्होंने कहा, अब स्टार्टअप्स पालिसी आज लॉन्च हो रही है। मेरे युवा बेटे-बेटियों आप केवल संकल्प लेकर आगे बढ़ो, पॉलिसी को अक्षरश: लागू करवाने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हमने स्टार्टअप्स का संवाद प्रारंभ किया था। हमारे नौजवानों ने जो-जो सुझाव हमको दिए थे, उसका अक्षरशः पालन करते हुए हम यह स्टार्टअप पॉलिसी लेकर आए हैं। पॉलिसी में जो हमने वादे किए हैं, उनको लागू करवाने के लिए मामा भी तुम्हारे साथ है।
शिवराज बोले, हमने सफलता के नए आयाम हासिल किए हैं, और आज मध्यप्रदेश में हमने स्टार्टअप्स का पूरा इको सिस्टम तैयार किया है। मेरा एक संकल्प है वह है रोजगार। अब मध्य प्रदेश का नौजवान स्टार्टअप के क्षेत्र में एक नई उड़ान भरने के लिए तैयार है। मध्यप्रदेश में विकास का पूरा इको सिस्टम तैयार है। इन्वेस्टर फ्रेंडली उद्योग नीति है हमारी। एमएसएमई की हमने नई नीति लागू कर दी है, जो आज लागू हो रही है।
उन्होंने कहा, स्टार्टअप के इकोसिस्टम का ही परिणाम है कि अब स्टार्टअप मध्यप्रदेश के केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि मध्य प्रदेश के कोने-कोने से संचालित हो रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री जी इतना ही संकल्प व्यक्त करना चाहता हूं कि आप की प्रेरणा और मार्गदर्शन से मध्यप्रदेश उद्योग और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी नया रिकॉर्ड स्थापित करके ही चैन की सांस लेगा।