भोपाल: महाशिवरात्रि का उत्साह हर तरफ देखने को मिल रहा है। महादेव का आशीर्वाद लेने के लिए सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। इसी कड़ी में जहां एक ओर सीएम मोहन यादव बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे तो वहीं दूसरी ओर पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान भी भोपाल के बड़वाल महादेव मंदिर पहुंचे और शिव बारात का शुभारंभ किया। साथ ही इस खास त्यौहार पर शिवराज सिंह चौहान ने लोगों को महिला दिवस और महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
बड़वाले महादेव मंदिर में चल रहे 21 दिवसीय महोत्सव के तहत 8 मार्च को महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य शिव बारात निकाली जा रही है। बाबा चांदी के रथ में नंदी पर सवार होकर बटेश्वर नगर की यात्रा पर निकले।
सुबह मंदिर परिसर से भव्य शिव बारात निकली। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से महादेव की पूजा-अर्चना की। बाबा बटेश्वर के चांदी के रथ के सारथी भी बने और रथ खींचकर शिव यात्रा की शुरुआत की। इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भोपाल से लोकसभा प्रत्याशी आलोक शर्मा, महापौर मालती राय एवं अन्य गणमान्य जन-प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।