MP Crime: मामी के प्यार में पागल भांजे में तमाम रिश्तों को दरकिनार कर अपने ही सगे मामा की हत्या कर दी. हाल ही में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली यह घटना मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में द्वारकापुरी थाना क्षेत्र से सामने आई है.
दरअसल, यहां पर मुख्य आरोपी शुभम के अपनी मामी पूजा के साथ नाजायज संबंध थे. जिसके चलते भांजे शुभम ने अपने मामा रूप सिंह को रास्ते से हटाने के लिए मौत की साजिश रची. इस दर्दनाक मौत की कहानी को अंजाम तक पहुंचाने में प्रेमिका मामी ने भी पूरी मदद की.
मृतक के घर में ही उसकी पत्नी और भांजे ने तकिए से मुंह दबाकर रूप सिंह की हत्या कर दी. मामा को दर्दनाक मौत देने के बाद लाश को नाले किनारे फेंक दिया गया था, ताकि पुलिस को पूरा मामला एक्सीडेंट का लगे. हालांकि, पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ही हत्या का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
इंदौर के एडिशनल डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक की पत्नी और उसके भांजे के नाजायज संबंध थे. उसी को लेकर भांजे ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ही खुलासा कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से 2 आरोपी नाबालिग है. फ़िलहाल, पुलिस बयानों के आधार पर सबूत जुटाने में लगी हुई हैं.