MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीख के ऐलान से पहले ही राजनीतिक गलियारों में उम्मीदवारों के चयन को लेकर सुगबुगाहटे काफी तेज़ हैं. बीजेपी और आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी पहली लिस्ट काफी पहले जारी कर सभी को चौका दिया. जबकि, कांग्रेस चुनावी तारीख तय होने के साथ ही लिस्ट जारी करने की तैयारी में नज़र आ रहीं हैं.
बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट भी तैयार कर ली है. ये दावा इसलिए क्योंकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सोमवार (11 सितंबर) शाम करीब सवा चार बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं.
हारी हुई 64 विधानसभा सीटों पर मंथन-
सभी नेता करीब पांच घंटे तक दिल्ली में रहकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे. जिसमें बीजेपी उम्मीदवारों की दूसरी सूची के नामों पर चर्चा होगी. इस लिस्ट में हारी हुई 64 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जा सकते हैं. यानी आज दूसरी लिस्ट पर अंतिम मुहर लग सकती हैं. जिसके बाद बीजेपी की दूसरी लिस्ट जल्द जारी होने की उम्मीद है.
बता दें कि बीजेपी ने पहली बार विधानसभा चुनाव से करीब तीन महीने पहले ही अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. बीजेपी ने 17 अगस्त को हारी हुई 39 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. हालांकि, ये बात अलग है कि इनमें से कई सीटों पर उम्मीदवार चयन को लेकर विरोध भी दिखाई देने लगा है. ख़ैर, अब जल्द ही दूसरी लिस्ट भी जारी हो सकती हैं.