MP Election 2023: मध्यप्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में प्रदेश की सियासी सरगर्मियां काफी तेज़ हैं. भाजपा की तरफ से एक के बाद एक कई चौकाने वाले ख़ुलासे भी सामने आ रहे हैं. पहली बार चुनाव से करीब तीन महीने पहले ही भाजपा ने 39 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर सभी को हैरान कर दिया था.
अब भाजपा ने अपनी 39 प्रत्याशियों वाली दूसरी सूची भी जारी कर दी है. इस सूची में तो और भी कई चौकाने वाले नाम सामने आये हैं. इसमें भाजपा ने तीन केंद्रीय मंत्रियों सहित सात सांसदों को चुनावी मैदान में उतारा है. इस सूची में जिन सांसदों का नाम शामिल हैं, उनमें मुरैना की दिमनी सीट से नरेंद्र सिंह तोमर, सतना से गणेश सिंह, सीधी से रीती पाठक, जबलपुर पश्चिम से राकेश सिंह, गाडरवारा से उदय प्रताप सिंह, नरसिंहपुर से प्रहलाद पटेल और निवास सीट से फग्गन सिंह कुलस्ते शामिल है. वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय को भी इंदौर की 1 नंबर सीट से मैदान में उतारा गया है.
दूसरी लिस्ट पर कमलनाथ ने कसा तंज-
हालांकि, अब भाजपा की दूसरी लिस्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तंज कसा है. कमलनाथ ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट पोस्ट करते हुए लिखा, दूसरी लिस्ट पर एक ही बात फिट है- नाम बड़े और दर्शन छोटे. भाजपा ने मप्र में अपने सांसदों को विधानसभा की टिकट देकर साबित कर दिया है कि भाजपा न तो 2023 के विधानसभा चुनाव में जीत रही है, न 2024 के लोकसभा चुनाव में. इसका सीधा अर्थ ये हुआ कि वो ये मान चुकी है कि एक पार्टी के रूप में तो वो इतना बदनाम हो चुकी है कि चुनाव नहीं जीत रही है, तो फिर क्यों न तथाकथित बड़े नामों पर ही दांव लगाकर देखा जाए.

भाजपा पर निशाना साधते हुए कमलनाथ ने आगे लिखा, अपने को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहने वाली भाजपा को जब आज ये दिन देखने पड़ रहे हैं कि उसको लड़वाने के लिए उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे हैं, तो फिर वोट देने वाले कहाँ से मिलेंगे. भाजपा आत्मविश्वास की कमी के संकटकाल से जूझ रही है. अबकी बार भाजपा अपने सबसे बड़े गढ़ में, सबसे बड़ी हार देखेगी. कांग्रेस भाजपा से दोगुनी सीट जीतने जा रही है. भाजपा की डबल इंजन की सरकार डबल हार की ओर बढ़ रही है.
कमलनाथ के ट्वीट पर भाजपा ने साधा निशाना-
कमलनाथ के इस ट्वीट पर अब प्रदेश भाजपा ने भी पलटवार किया. उन्होंने कमलनाथ के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए एक विवादित तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, इतना घबरा क्यों रहे हो?
बता दें कि कांग्रेस ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की एक भी लिस्ट जारी नहीं हैं. ऐसे में अब देखना ये होगा की इन दिग्गज नेताओं की सीटों पर कांग्रेस किसे मैदान में उतारती हैं.