MP Election 2023:कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को स्पष्ट कर दिया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ही मुख्यमंत्री बनेंगे. वही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कटाक्ष किया कि बीजेपी के पास कोई सीएम चेहरा नहीं है. नाथ ने कहा कि 18 साल से शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं किंतु भाजपा उनके नाम पर वोट नहीं मांग रही है.
शनिवार को होटल ताज में प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की संयुक्त पत्रकार वार्ता हुई. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सुरजेवाला ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी गणेश चतुर्थी के दिन से शिवराज सरकार के खिलाफ जन आक्रोश यात्रा निकालने जा रही है. उन्होंने बताया कि जन आक्रोश यात्रा 230 विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरेगी.
सुरजेवाला का कहना था कि 18 सालों की प्रदेश की बदहाली और बर्बादी का जनता में शिवराज सरकार के खिलाफ असंतोष था, वह अब जन आक्रोश में तब्दील हो गया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के आदिवासियों, किसानों, दलित पिछड़े और नौजवान सबकी जुबान पर बस एक ही बात शिवराज हटाओ-प्रदेश बचाओ है.
काम करने की राजनीति में विश्वास करता हूं : नाथ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि 19 सितंबर से शुरू हो रही जन आक्रोश यात्रा 12000 किलोमीटर का सफर पूरा करेगी. नाथ ने कहा कि मीडिया का डिपार्मेंट मैंने शिवराज सिंह चौहान के ऊपर छोड़ हुआ है. मैं काम करने की राजनीति में विश्वास रखता हूं. उन्होंने बताया कि रणदीप सिंह सुरजेवाला चुनाव का पूरा समय यहां पर देंगे इससे मुझे बड़ी राहत मिलेगी.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के चार नए चेहरे हैं. बनावटी, दिखावटी, मिलावटी और सजावटी, यह इनके असली चेहरे हैं. मेरा और कांग्रेस पार्टी दोनों का मध्य प्रदेश के मतदाताओं पर पूरा विश्वास है. आगामी विधानसभा चुनाव मध्य प्रदेश के भविष्य को तय करेगा. प्रदेश का हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का शिकार है या फिर भ्रष्टाचार का गवाह है.
सात नेता करेंगे जन आक्रोश यात्रा का नेतृत्व-
राष्ट्रीय महासचिव सुरजेवाला ने बताया कि जन आक्रोश यात्रा में प्रदेश की कुल 11,400 किमी की दूरी तय करेगी. इसे पूरा करने के लिए पार्टी के 7 नेता नेतृत्व करेंगे.
यात्रा मार्ग 1 - गोविंद सिंह - 1600 किमी
यात्रा मार्ग 2 - अरुण यादव - 1700 किमी
यात्रा मार्ग 3 - कमलेश्वर पटेल - 1900 किमी
यात्रा मार्ग 4 - अजय सिंह राहुल - 1400 किमी
यात्रा मार्ग 5 - सुरेश पचौरी - 1400 किमी
यात्रा मार्ग 6 - कांतिलाल भूरिया - 1700 किमी
यात्रा मार्ग 7 - जीतू पटवारी - `1700 किमी