मध्यप्रदेश विद्यानसभा चुनाव में कुल 5.52 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे जिनमें 18 लाख 86 हजार मतदाता पहली बार वोटिंग करेंगे। वहीं बुजुर्ग और दिव्यांग घर बैठे ही मतदान कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें नामांकन के 5 दिन में फॉर्म 12 D भरना होगा।
राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में चुनाव आयोग ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव से जुड़ी जानकारियों को शेयर किया। भारत निर्वाचन आयोग की फुल बेंच ने पिछले दो दिन से प्रदेश भर के अफसरों के साथ बैठक के बाद चुनावी तैयारियों को बताया।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि प्रदेश में में कुल 5.52 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 2 करोड़ 85 लाख पुरुष, 2 करोड़ 67 लाख महिला वोटर, 1336 ट्रांसजेंडर वोटर हैं। वहीं, 4 लाख 85 हजार दिव्यांग वोटर हैं। 80 साल से ऊपर मतदाताओं की संख्या 7.50 लाख है। वहीं, 100 साल से ज्यादा उम्र वाले 6,180 वोटर हैं।
सीईसी राजीव कुमार ने बताया कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर 5 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 11 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। प्रदेश की 230 विधानसभा क्षेत्रों में असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (AERO) युवाओं के लिए नियुक्त किए गए हैं।
महिलाओं के लिए इस बार ये चुनाव ख़ास होगा। मतदान में महिला वोटर्स की भागेदारी बढ़ाने पर भी आयोग का फोकस होगा। करीब 50 % से ज्यादा पोलिंग बूथ पर वेब कास्टिंग की जाएगी। 5000 पोलिंग बूथ महिलाओं द्वारा मैनेज किए जाएंगे। यहां सुरक्षाकर्मी भी महिलाएं ही रहेंगी।