भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में बुधवार को प्रदेश की 39 विधानसभा के घोषित प्रत्याशियों की बैठक प्रारंभ हुई। बैठक में विधानसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश चुनाव सहप्रभारी अश्विनी वैष्णव एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने प्रत्याशियों को मार्गदर्शन दिया।

भाजपा 39 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। हालंकि उनमें से 12 पर बगावत के सुर सुनाई दे रहे हैं। अब इस प्रशिक्षण के बाद ये प्रत्याशी चुनाव मैदान में पूरी ताकत के साथ उतर जाएंगे। प्रशिक्षण में उम्मीदवारों को राष्ट्रीय और स्थानीय मुद्दों के साथ केंद्र और राज्य सरकार की हितग्राही योजनाओं के माध्यम से प्रचार के टिप्स भी दिए जायेंगे।

विधानसभा चुनाव 2018 में बागियों ने ही भाजपा के समीकरण बिगाड़ दिए थे। लिहाजा इस बार डैमेज कंट्रोल के लिए भी उमीदवारों से फीडबैक लिया जाएगा। जिसके आधार पर वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। घोषित प्रत्याशियों को लेकर बुंदेलखंड, ग्वालियर-चंबल और मालवा-निमाड़ में एक गुट नाराज है।