भोपाल: राज्य सरकार ने पांच माह पूर्व से सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का समग्र पोर्टल पर आधार ई-केवायसी करने का अभियान शुरु किया था और अब तक कुल 31 लाख 83 हजार पेंशनरों का ही ईकेवायसी हो पाया है और अभी भी 23 लाख 63 हजार पेंशनरों का ईकेवायसी नहीं हो पाया है।
सामाजिक न्याय विभाग के प्रमुख सचिव सचिन सिन्हा ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर कहा है कि इसी माह में यह ई-केवायसी कार्य पूर्ण कर लिया जाये और महिला पेंशनरों की आधार ई-केवायसी को प्राथमिकता दी जाये।
ज्ञातव्य है कि वर्तमान में जबलपुर जिले में 1 लाख 67 हजार 404 में से 58 हजार 642, सतना जिले में 1 लाख 95 हजार 738 में से 69 हजार 74, छिन्दवाड़ा जिले में 1 लाख 76 हजार 619 में से 38 हजार 319, छतरपुर जिले में 1 लाख 19 हजार 199 में से 49 हजार 863 एवं सिंगरौली जिले में 94 हजार 638 में से 51 हजार 982 पेंशन हिग्राहियों का समग्र पोर्टल पर आधार ईकेवायसी अब तक नहीं हो पाया है। ऐसे ही प्रदेश के अन्य जिलों की स्थिति है।