आज फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार अपने जन्मदिन पर महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। उनके साथ बेटा आरव, भांजी सिमर और बहन अलका भी थे। भस्म आरती दर्शन के लिए क्रिकेटर शिखर धवन और बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल भी महाकाल मंदिर पहुंचे। 

उल्लेखनीय है कि हाल में रिलीज हुई फिल्म OMG-2 की शूटिंग उज्जैन के महाकाल मंदिर में भी हुई थी, तब अक्षय कुमार उज्जैन आए थे और बाबा महाकाल की पूजा की थी। उन्होंने फिर से उज्जैन आने का वादा किया था। 

वे देर रात दो बजे मंदिर पहुंचे। यहां पारंपरिक वेशभूषा धोती कुरते में अक्षय ने नंदी हाल से भस्म आरती दर्शन किए । आरती के दौरान अक्षय भक्ति के रस में झूमते नजर आए। उन्होंने आने वाली फिल्म मिशन रानीगंज की सफलता के लिए प्रार्थना भी की। 

शिखर धवन भी उनके साथ बैठे थे। बाद में मीडिया से संक्षिप्त चर्चा में अक्षय कुमार ने कहा कि उन्होंने देश की तरक्की की कामना की है। क्रिकेटर शिखर धवन से विश्व कप के विषय में पूछा गया तो अक्षय ने मजाक में कहा यह बहुत छोटी चीज है। हम यूं ही जीत जाएंगे। साइना ने अपने माता पिता के साथ दर्शन किये।