भोपाल: राज्य का वन विभाग संयुक्त वन प्रबंधन के तहत काष्ठ के विदोहन से प्राप्त होने वाली काष्ठ की बिक्री से प्राप्त राजस्व की 20 प्रतिशत पांच जिलों यथा बैतूल, हरदा, खण्डवा, मंडला एवं डिण्डौरी की संयुक्त वन प्रबंधन समितियों तथा बांस के विक्रय से प्राप्त शुध्द आय की शतप्रतिशत राशि बालाघाट जिले के बांस कटाई श्रमिकों को वितरित करेगी। यह कुल राशि 187 करोड़ 79 लाख रुपये है।

इन पांच जिलों में पिछले तीन साल में कुल 807 ग्राम वन समितियों ने उक्त काष्ठ का विदोहन करवाया है। इन समितियों की देखरेख में जंगल में काष्ठ का प्रबंधन किया गया है। वैसे तो प्रदेश में कुल 15 हजार 608 ग्राम वन समितियां हैं परन्तु इनमें से जो समिति वनों में अवैध कटाई व चराई रोकने, आग से बचाव आदि की कार्यवाही करती है, उसे ही उक्त बोनस बांटा जाता है।