बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री का विवादों से गहरा नाता रहा है। लंदन के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का गढ़ कहे जाने वाले छिंदवाड़ा में तीन दिनों तक कथा करेंगे।
कथा का आयोजन सिमरिया हनुमान मंदिर में किया जा रहा है। इसी के चलते हनुमान मंदिर के पास 28 एकड़ जमीन पर भव्य पंडाल बनवाया गया है।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मंगलवार देर रात कथा करने को लेकर एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने जिले के लोगों से 5 से 7 अगस्त तक छिंदवाड़ा में अपने अनोखे अंदाज में कथा करने की बात कही है। धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि पूर्व सीएम कमल नाथ के पुत्र नकुलनाथ सिमरिया हनुमान मंदिर के पास होने वाली कथा के मुख्य यजमान होंगे।
उन्होंने ट्वीट करके लिखा है, छिन्दवाड़ा के सभी धर्म प्रेमियों को मेरा नमस्कार । जैसा कि आप सभी जानते हैं कि अगस्त महीने के 5, 6 और 7 तारीख को परम पूज्य पण्डित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी ( बागेश्वर धाम सरकार ) का भव्य कथा सिमरिया मंदिर में होने जा रहा है । मैं आप सभी छिन्दवाड़ा वासियों को इस भव्य कथा में आमंत्रित करता हूँ, और मुझे पूरा विश्वास है कि आप सब इस कथा में शामिल होकर कथा का आनंद ज़रूर लेंगे ।
कथा को लेकर बागेश्वर धाम सरकार का वीडियो जारी होते ही छिंदवाड़ा वासियों में उत्साह का माहौल है, लेकिन अब कथा को लेकर मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जमकर निशाना साधा है, उनका कहना है, कि ये चुनावी हिंदू हैं। कांग्रेस के नेता इच्छाधारी हिंदू हैं। चुनाव आते ही चुनावी हिंदू बनने वाले कांग्रेस के नेताओं को रामकथा कराने की याद आ जाती है।
अब चाहे इसे चुनावी स्टंट कहा जाए ये कुछ और, लेकिन बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर की कथा छिंदवाड़ा में किए जाने को लेकर इलाके के लोग काफी उत्साहित हैं। हाल ही में बागेश्वर धाम सरकार लंदन में भी भारत का डंका बजा आए हैं। ऐसे में उनकी छिंदवाड़ा में होने वाली कथा को लेकर इलाके के लोग फूले नहीं समा रहे हैं।