मप्र की सियासत में भी चुनाव कुछ दिन पहले बजरंगबली की एंट्री हो गई है, कुछ महीने पहले कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के दौरान भी भाजपा और कांग्रेस की सियासी जंग के बीच बजरंगबली आ गए थे। अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक बयान को लेकर आज मप्र कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस नेता कार्यकर्ता सुंदरकांड व हनुमान चालीस का जाप करने बैठ गये हैं। वहीं मुख्यमंत्री आज सुबह दिल्ली रवाना हो गये, वे शाम को लौटेंगे।
दरअसल, चौहान ने एक टीवी चैनल पर कहा है कि छिंदवाड़ा में हनुमान प्रतिमा का निर्माण - स्थापना कमलनाथ ने नहीं की थी, दूसरी तरफ कमलनाथ का कहना है कि सभी जानते हैं कि 2014 में मुझे भारत की सबसे ऊंची हनुमान प्रतिमा बनाने का सौभाग्य मिला। हाल में शिवराज सरकार ने छिंदवाड़ा में हनुमान लोक बनाने का प्रोजेक्ट शुरू किया है। गौरतलब है कि काफी दिन से कांग्रेस और भाजपा के बीच हिंदुत्व को लेकर भी एक दौड़ नजर आ रही है।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि सद्बुद्धि की जरूरत कांग्रेस को है। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने कहा कि छिंदवाड़ा के सिमरिया में कमलनाथ ने भव्य हनुमान मंदिर का निर्माण 2014 में कराया था। मगर मुख्यमंत्री ने कह दिया कि मंदिर नाथ ने नहीं बनवाया था। मिश्रा के मुताबिक धर्मविमुख मुख्यमंत्री को धर्म की ओर अग्रसर करने और सद्बुद्धि देने सुंदरकांड किया जा रहा है। कांग्रेस ने मंदिर शिलान्यास करते नाथ की 10 वर्ष पुरानी तस्वीर भी जारी की। वहीं कमलनाथ ने आज कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज ने महिलाओं को 450 रूपये में गैस सिलेंडर देने की घोषणा तो कर दी लेकिन कहीं भी 450 रूपये में गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। यह रक्षाबंधन पर छल है।