18 सितंबर को मेट्रो के कोच और इंजन भोपाल के सुभाष नगर डिपो पहुंच गए हैं। जल्द ही ट्रायल रन किया जाएगा। इंदौर में इसका ट्रायल किया जा चुका है। बताया जा रहा है, कि मेट्रो प्रोजेक्ट का काम अंतिम चरण में है।

जल्द ही मेट्रो ट्रेन भोपाल की पटरियों पर दौड़ती नज़र आएगी। इसके साथ ही मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल भी जल्द ही मेट्रो सिटी बनने जा रहा है। इससे पहले मेट्रो कोच और इंजन पिछले महीने के आखिरी दिन इंदौर पहुंचे थे और सितंबर के दूसरे हफ्ते में ट्रायल रन पूरा हुआ था। इंदौर में चलने वाली मेट्रो का रंग पीला है जबकि भोपाल में चलने वाली मेट्रो का रंग नारंगी है।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक ये कोच ट्रायल के लिए भोपाल के सुभाष नगर डिपो पहुंच गए हैं। इस बीच बड़ी क्रेन की मदद से मेट्रो कोच को पटरी पर उतारा गया। पटरी से उतरने के बाद मेट्रो कोच अब चलने के लिए तैयार है। रोलिंग स्टॉक (ट्रेन) के भोपाल पहुंचने पर मेट्रो के सभी अधिकारियों ने पहले कोच का स्वागत किया।

मेट्रो प्रोजेक्ट के पहले चरण के तहत भोपाल में 2 रूट बनाए जा रहे हैं। साथ ही ऑरेंज और ब्लू लाइन पर कुल 28 मेट्रो स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। करोंद चौराहे से एम्स तक ऑरेंज लाइन और भदभदा चौराहे से रत्नागिरी तिराहे तक ब्लू लाइन बनाई जा रही है। सुभाष नगर में मेट्रो डिपो बनाया गया है।