रोज़गार को लेकर मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा। एमपी यूथ कांग्रेस 'रोजगार दो या गिरफ्तार करो' की तर्ज पर राजधानी भोपाल में विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच यूथ कांग्रेस की ओर से दोपहर 12 बजे मध्य प्रदेश विधानसभा का घेराव किया गया।

यूथ कांग्रेस के बेरोजगारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया।

एमपी कांग्रेस ने इसका एक वीडियो अपने X हैंडल पर शेयर करते हुए सीएम मोहन यादव पर निशाना साधा है। एमपी कांग्रेस ने लिखा है, 
मोहन यादव की बेशर्मी देखिए : भोपाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे मध्यप्रदेश कांग्रेस के नेताओं पर सरकार ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। मोहन यादव जी, ये क्रूरता आपके अंत की इबारत लिख रही है।

इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, "नई सरकार बनी, उन्होंने कहा था कि हम 2 लाख नौकरियां पहले वर्ष देंगे। उन्होंने कहा हर घर रोजगार देंगे। इन्होंने ऑनलाइन जुआ लीगल कर दिया। जुए और सट्टे की सरकार सुनी है हमने? ये जुए सट्टे की सरकार नहीं चलेगी। मध्य प्रदेश के अभिभावकों ने बच्चों के रोजगार के लिए कमल को वोट दिया जुए सट्टे खिलवाने के लिए कमल को वोट नहीं दिया। जुए सट्टे की सरकार के विरोध में युवा सड़क पर है।"

कांग्तेस नेता श्रीनिवास बी.वी ने अपने X हैंडल पर लिखा है, 

भोपाल में हजारों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बेरोजगारी के अन्याय के खिलाफ आवाज़ बुलंद करने का सिलसिला जारी है। वाटर कैनन चलाओ, लाठियां चलाओ लेकिन बेरोजगार युवाओं को रोजगार दो, न्याय दो। 

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय प्रांगण में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन में मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और कई विधायक भी मौजूद रहे।