सनातन धर्म हमारे लिए चुनाव या वोट का मुद्दा नहीं है यह हमारी आस्था का विषय है। सनातन धर्म अनंत है, अनंतकाल से विद्यमान है, इसे समाप्त करने का विचार दिवास्वप्न से अधिक कुछ नहीं है और मध्यप्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। यह बात केंद्रीय कृषि मंत्री और प्रदेश की भाजपा चुनाव समिति के संयोजक नरेंद्रसिंह तोमर ने जबलपुर में मीडिया से चर्चा में कही। 

केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से घबरा कर विपक्ष दल एक डाल पर बैठ गए हैं। यह गठबंधन अहंकार और घमंड से भरा है जिनके पास ना नीयत है ना मुद्दा है ना विचार है। गठबंधन के दलों को मध्यप्रदेश में सफलता हासिल नहीं होगी।

मध्यप्रदेश में प्रत्याशियों  की लिस्ट को लेकर उन्होंने कहा कि किसी पार्टी की ओर से अधिक प्रत्याशी और सक्षम प्रत्याशी मैदान में होना पार्टी के लिए अच्छी बात है, भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होने मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से भाजपा की जीत का दावा भी किया।