लोकसभा चुनाव 2024 मध्य प्रदेश - बीजेपी और कांग्रेस लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं। इसी क्रम में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों में बैठकों का दौर जारी है। लोकसभा चुनाव को लेकर गुरुवार 22 फरवरी को बीजेपी की पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों और मोर्चा प्रकोष्ठों की बड़ी बैठक हो रही है। बैठक बीजेपी कार्यालय में चल रही है। बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हो रहे हैं। 

बीजेपी एमपी की 29 लोकसभा सीटों पर युवा चेहरों को मैदान में उतारने की कोशिश कर रही है। कहा जा रहा है, कि बीजेपी की पहली लिस्ट 7 दिनों बाद आएगी। वहीं कांग्रेस मार्च के पहले हफ्ते में पहली लिस्ट जारी करेगी।

आपको बता दें, कि मार्च माह में लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू हो जायेगी। देशभर में अप्रैल से मई के अंत तक चुनाव हो सकते हैं। इसको लेकर प्रमुख दल बीजेपी और कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बीच इस बात पर जोरदार बहस चल रही है कि किसे टिकट दिया जाए और किसे नहीं। 

भाजपा नए चेहरों का कार्ड खेलकर लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटें जीतने का भी लक्ष्य लेकर चल रही है। ज्यादातर सीटों पर हैरान चेहरे देखे जा सकते हैं। इसके तहत बुधवार को लोकसभा चुनाव प्रभारी महेंद्र सिंह और सह प्रभारी सतीश उपाध्याय भोपाल आए। चयन बैठकों को लेकर देर रात सीएम हाउस में मंथन हुआ। गुरुवार को भी प्रदेश बीजेपी कार्यालय में बैठक हो रही है। 

गुरुवार को हो रही बैठक में सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महासचिव हितानंद शर्मा समेत अन्य नेता मौजूद रहे। सूत्रों का कहना है कि अब तक के सर्वे, फीडबैक और नेताओं के दावों के आधार पर नामों की प्रारंभिक पुष्टि का काम शुरू कर दिया गया है। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद एक पैनल का गठन किया जाएगा। दिल्ली स्तर पर नाम फाइनल होंगे।

बताया जा रहा है, कि छह सीटों पर पहले ही चर्चा हो चुकी है। इसमें एमपी की पांच खाली सीटों के अलावा छिंदवाड़ा सीट भी शामिल है। बाकी 23 सीटों पर नाम फाइनल होना है। इसके लिए सर्वे-फीडबैक और दावों के आधार पर चर्चा की जाएगी। बीजेपी भी जल्द नामों का ऐलान करने की रणनीति अपना सकती है। इसमें राकेश सिंह, नरेंद्र सिंह तोमर, उदय प्रताप सिंह, रीति पाठक और प्रह्लाद पटेल की खाली सीटें शामिल हैं। पार्टी जल्द ही छिंदवाड़ा सीट पर भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर सकती है।