मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले 'व्यापक जनसंपर्क' की शुरूआत आज भाजपा ने जन आर्शीवाद यात्रा के जरिये कर दी है। आज भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सतना जिले में चित्रकूट के समीप यात्रा को हरी झंडी दिखाई। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह भी मंडला, खंडवा, उज्जैन, श्योपुर से यात्रा को रवाना करेंगे। यह यात्रा भाजपा की चुनावी तैयारियों का प्रतीक हैं। चूँकि मप्र के मामले में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने कमर कस ली है, लिहाजा बीते दो महीने में भाजपा में बैठकें, समितियां और मैदानी कार्यक्रम तेज हो गये हैं।
प्रथम चरण की यह यात्रा सतना जिले में 3 दिन रहेगी और सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, बृजेंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र शुक्ला, कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी आज मौजूद थे। इस मौके पर नड्डा ने कमतानाथ मंदिर के दर्शन किए व सभा को संबोधित किया।
जनता पानी पिलाएगी, वोट नहीं देगी
इधर मप्र कांग्रेस चीफ कमलनाथ ने कहा है कि 'आज भाजपा में अपराधबोध जागा है। जन आशीर्वाद यात्रा' करके जनता तक जाने की ज़रूरत इसलिए पड़ रही है क्योंकि उनके काम जनता तक नहीं पहुँचे। अगर भाजपा जनता के बीच 'क्षमाप्रार्थी' बनकर जाएगी तो आशा है मध्यप्रदेश की बड़े दिलवाली जनता औपचारिकतावश उनकी यात्रा को पानी तो पिला दे, लेकिन भाजपा को वोट नहीं देगी।' नाथ ने कहा कि मप्र में भाजपा दो रिकार्ड बनाने जा रही है- सबसे ज्यादा झूठी घोषणाओं का और सबसे ज्यादा वोटों से हारने का।
भाजपा में भगदड़ का दौर भी
हालांकि हाइकमान के तमाम प्रयासों के बाद भी भाजपा के भीतर नेताओं की नाराजगी व अनमनापन कम नहीं हो रहा है। भाजपा से अब तक करीब तीन दर्जन नेता कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। पूर्व मंत्री दीपक जोशी के कांग्रेस में जाने के बाद यह सिलसिला रुक नहीं रहा। हाल में विधायक वीरेंद्र रघुवंशी समेत भंवर सिंह शेखावत और गुड्डु राजा भी कांग्रेस में आये हैं, वहीं विधाकय सीतासरन शर्मा के भाई व पूर्व भाजपा विधायक गिरिजाशंकर शर्मा के भी कांग्रेस में आने की संभावना बन रही हैं। हालांकि भाजपा से लगातार कांंग्रेस में आने वाले नेताओं की वजह से खुद कांग्रेस के ही कई क्षेत्रीय नेता बेचैन हैं।