आज शाम राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल 'हमीदिया' के विस्तार की शुरूआत हो रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गांधी मेडिकल कॉलेज में नए ओपीडी ब्लॉक का भूमि पूजन करेंगे। दो हजार बिस्तरों के अस्पताल एवं इमरजेंसी मेडिसिन विभाग का लोकार्पण भी होगा। अस्पताल के इस नए प्रोजेक्ट के थ्रीडी प्रेजेंटेशन की भी तैयारी है। इसके अलावा, हमीदिया अस्पताल में श्वास रोगियों के लिए रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ रेस्पिरेटरी डिसीज और हड्डी संबंधी बीमारियों के मरीजों के लिए सेंटर ऑफ एक्सिलेंस फॉर ऑर्थोपेडिक्स बनेगा। यह 3 स्पेशिलिटी यूनिट 161 करोड़ की लगात से बनाई जाएंगी।
उज्जैन पहुंचे शिवराजः आज सावन का आखिरी और 8वां सोमवार है। आज सोम प्रदोष का संयोग भी बना है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उज्जैन पहुंचें हैं। वे सबसे पहले बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। इसके बाद महाकाल लोक के दूसरे चरण के कार्य को देखा। यहां सप्तर्षि मूर्तियां लगाई जा चुकी हैं जो इसी महीने मुंबई से बनकर आई हैं। उधर पूर्व मंत्री कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह भी भस्म आरती में शामिल हुए। उन्होंने नंदी हाल में बैठकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
उज्जैन का महाकाल मंदिर भगवान शिव के जयकारों से गूंज रहा है। तड़के 2.30 बजे मंदिर के पट खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल को भस्म अर्पित कर पंचामृत अभिषेक पूजन किया गया। भस्म आरती के लिए रात 12 बजे से भक्त कतार में लगना शुरू हो गए थे। शाम 4 बजे महाकाल की 8वीं सवारी निकाली जाएगी।