शहडोल, ब्यूरो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रदेश के सरकारी स्कूलों में टॉप करने वाले दो-दो मेघावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की। शहडोल के पॉलिटेक्निक ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में दो सौ विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई। इसके पहले गांधी चौक से पॉलीटेक्निक कॉलेज तक डेढ़ किलोमीटर सड़क पर सीएम ने जनदर्शन के तहत रोड शो किया।
इस मौके पर बोलते हुए सीएम ने कहा, मेधावी विद्यार्थियों का एडमिशन उच्च शिक्षा के लिए किसी भी कॉलेज में हो, उसकी फीस बच्चों के माता-पिता नहीं भाजपा सरकार भरवाएगी। इस वर्ष हमने तय किया कि जो बच्चे अपने-अपने स्कूल में 12वीं में सबसे अधिक नंबर लाएंगे, उन्हें स्कूटी दी जाएगी। इसलिए आज हम बच्चों को स्कूटी दे रहे हैं।
सीएम ने प्रदेश के छात्र-छात्राओं से कहा बेटा-बेटियों मैं तुम्हारे लिए मुख्यमंत्री नहीं, मामा हूँ। मैं सरकार नहीं चलाता, परिवार चलाता हूँ। भाजपा सरकार आने के बाद हमने तय किया कि बेटियां भी आगे पढ़े सकें, इसलिए उन्हें साइकिल दी। तुम्हारी पढ़ाई में कोई दिक्कत ना रहे इसलिए हम 12वीं में 75 प्रतिशत अंक लाने वाले बच्चों को लैपटॉप दे रहे हैं।
शहडोल के लिए घोषणा करते हुए सीएम ने कहा, शहडोल में हवाई पट्टी की जगह शानदार एयरपोर्ट बनवाया जाएगा। अब जल्दी ही शहडोल से नागपुर के बीच रेल का संचालन होगा। शहडोल नगर पालिका को नगर निगम बनाया जाएगा। शहडोल में एक और महाविद्यालय खोला जाएगा।
वहीं लाड़ली बहनों से सीएम बोले कि मेरी बहनों... तुम्हारी जिंदगी में कोई तकलीफ ना रहे, जीवन खुशियों से भर जाए इसलिए भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाई है। इस योजना के माध्यम से हम सवा करोड़ बहनों के खाते में 1 हजार रुपये महीना डाल रहे हैं। ये योजना नहीं, तुम्हारी जिंदगी बदलने का अभियान है।
निःशुल्क स्कूटी वितरण योजना अंतर्गत इस वर्ष प्रदेश के कुल 7 हजार 790 विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे है। इसमें पेट्रोल स्कूटी चयनित करने वाले 4806 विद्यार्थी और ई स्कूटी स्कूटी चयनित करने वाले 2 984 विद्यार्थी शामिल हैं।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह, स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी, शहडोल कमिश्नर राजीव शर्मा, आयुक्त लोक शिक्षण अनुभा श्रीवास्तव सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। फुटबाल क्रांति से जुड़े खिलाड़ियों ने भी सीएम से मुलाकात की।
राज्य शासन द्वारा पेट्रोल स्कूटी चयनित करने वाले विद्यार्थियों को प्रति विद्यार्थी 90 हजार रुपए की राशि और ई स्कूटी चयनित करने वाले विद्यार्थियों को प्रति विद्यार्थी 1 लाख 20 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, इस तरह कुल 7 हजार 790 लाभार्थी विद्यार्थियों को स्कूटी के लिए 79 करोड़ 6 लाख 20 हजार रुपए राशि की स्वीकृति दी गई हैं।