मेरी कई यादें अपने इस हमीदिया कॉलेज से जुड़ी हुई हैं। जिंदगी के सबसे सुखद पल स्कूल और कॉलेज के दिन ही होते हैं। आज भी अगर कोई दोस्त दिख जाता है, तो लगता है कि दौड़कर उसे गले लगा लें। मैं अपने सभी जूनियर साथियों से कहना चाहता हूँ कि बड़े सपने देखो और उसे साकार करने में जुट जाओ, स्वयं पर विश्वास रखो, तुम्हारे सपने अवश्य पूरे होंगे।
यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के शासकीय हमीदिया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित अमृत महोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कही।
सीएम शिवराज ने यहाँ कम्प्यूटर लैब का शुभारंभ व पुस्तकालय भवन का लोकार्पण भी किया। साथ ही कॉलेज की बिल्डिंग को मॉडल बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कॉलेज की भव्य बिल्डिंग कैसी बनाई जाए, इसके लिए नाप-तौल कर लीजिए। इसी महीने स्वीकृत करेंगे। कॉमर्स और आर्ट के अलावा साइंस या दूसरे सब्जेक्ट को जोड़ना है, तो यह भी किया जाएगा।
सेम शिवराज ने यहाँ अपने कॉलेज केसमय के मित्रों के लिए गीत भी गाया। पुराने दोस्तों को याद कर CM शिवराज ने जब गाना 'एहसान मेरे दिल पर तुम्हारा है दोस्तों, ये दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तों...' गाया तो पूरा सभागार उनके साथ गाता दिखाई दिया। कार्यक्रम के अंत में सीएम शिवराज ने 'तुझको चलना होगा...' गीत भी गाया।
कार्यक्रम में शासकीय हमीदिया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, भोपाल की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव पत्रिका का विमोचन भी किया किया। सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, सांसद प्रज्ञा ठाकुर, महापौर मालती राय भी उपस्थित रहीं।