मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार 26 सितम्बर को भोपाल स्थित मंत्रालय वल्लभवन प्रांगण मध्य लॉन में प्रदेश के 14 दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्रियों की अर्द्धप्रतिमाओं का अनावरण किया। इस मौके पर बोलते हुए सीएम शिवराज ने कहा मध्यप्रदेश के गठन को 1 नवम्बर 2023 को लगभग 67 वर्ष हो जायेंगे। इन वर्षों में प्रदेश ने प्रगति और विकास की एक लम्बी यात्रा तय की। मैं पूरे गर्व के साथ कहता हूँ कि इस विकास यात्रा में प्रत्येक मुख्यमंत्री का अतुलनीय योगदान रहा है।

सीएम शिवराज ने बताया कि कैसे उनके मन में यह भाव आया कि मंत्रालय प्रांगण में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिमा लगनी चाहिए। राज्य शासन ने प्रदेश के चौमुखी विकास में विभिन्न कालखंडों में मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का नेतृत्त्व करने वाले व्यक्तित्वों की स्मृति को चिरस्थायी बनाये रखने के लिए मंत्रालय वल्लभ भवन प्रांगण में दिवंगत समस्त 14 पूर्व मुख्यमंत्रियों की ब्रान्ज मॉडल प्रतिमाएं लगाए जाने का निर्णय लिया था।

इसके लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा एक करोड़ तीन लाख 56 हजार रुपए की राशि की प्रशासकीय स्वीकृति 13 जुलाई 2020 को प्रदान की गई थी। राजधानी मंडल एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा यह कार्य दिवंगत मुख्यमंत्रियों के परिजनों से समय-समय पर सहमति प्राप्त कर 31 मार्च 2023 को पूर्ण किया गया है।