मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल के मेडिकल कॉलेज में 727 करोड़ की लागत के निर्माण कार्यों की सौगात देंगे। यह कार्यक्रम 28 अगस्त को होगा। इसको लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गईं हैं। इससे मरीजों को विश्व स्तरीय गुणवत्ता की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इससे पहले चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शनिवार को गांधी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर विस्तार किया जा रहा है।
हमीदिया अस्पताल के नये ब्लॉक में मरीजों को मिलेंगी यह सुविधाएं
- सर्व सुविधा युक्त राष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप ब्लड बैंक की सुविधा भी सभी मरीजों के लिए उपलब्ध होगी।
- 2000 बिस्तरों में 240 आईसीयू बेड सम्मिलित होंगे।
- नवजात शिशु हेतु एस.एन.सी.यू की भी व्यवस्था होगी।
- अत्याधुनिक उपकरणों से लेस 19 ऑपरेशन थिएटर संचालित होंगे।
- चिकित्सालय में शिक्षण कार्य हेतु 350 क्षमता का अत्याधुनिक ऑडिटोरियम हॉस्पिटल ब्लॉक 2 की 12 वीं मंजिल पर होगा।
- विश्वस्तरीय CSSD (Central Sterile Services Department) सुविधा से चिकित्सकीय संक्रमण को रोकने में मदद होगी।
- अत्याधुनिक मेडिकल रिकॉर्ड रूम और मैकेनाइज्ड लाँड्री स्थापित की जायेगी।