संत रविदास के भव्य मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अगस्त को सागर आ रहे हैं। सागर के बड़तूमा में 102 करोड़ की लागत से संत रविदास का मंदिर बनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के सागर आगमन को लेकर प्रशासन तैयारियों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर के भूमिपूजन स्थल और सभा स्थल पर हेलीपैड, पंडाल और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। PM मोदी के दौरे से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को सागर आ रहे हैं। वह पीएम के आगमन को लेकर चल रही तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।
खबरों के मुताबिक, मुख्यमंत्री चौहान ढाना हवाई पट्टी पर बन रहे सभा स्थल और बड़तूमा में मंदिर भूमिपूजन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से जायजा लेंगे। इस बीच सीएम शिवराज जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों से कार्यक्रम और तैयारियों पर चर्चा करेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार शाम करीब 4 बजे सागर आएंगे।
पीएम के दौरे को लेकर सागर में युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। यहां तक कि ढाना में सभा स्थल पर पंडाल बनना शुरू हो गया है। वहां हेलीपैड और अन्य व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गयी है।
इसके साथ ही वाहनों की आवाजाही के लिए रूट भी तय कर दिए गए हैं। 12 अगस्त को बम्होरी चैरास्ता से ढाना मार्ग तक वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इसके साथ ही बड़तूमा में मंदिर निर्माण स्थल पर हेलीपैड का निर्माण किया जा रहा है। 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़तूमा पहुंचेंगे और मंदिर का भूमिपूजन करेंगे।