प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अमरकंटक में मध्यप्रदेश की जीवनदायिनी सदानीरा मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर पूजा अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि तथा जनता की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। साथ ही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 'मां नर्मदा कॉरिडोर' बनाने का ऐलान भी किया।

सीएम शिवराज ने कहा कि माँ नर्मदा की कृपा से सभी के जीवन में सुख तथा कल्याण की रसधार अनवरत प्रवाहित होती रहे। सीएम ने कहा कि मां नर्मदा कि लाखों लोग परिक्रमा करते हैं, इसलिए मां नर्मदा की पवित्र धरा पर कॉरिडोर बनाया जाएगा। मां नर्मदा महालोक बनेगा तो लाखों लोग अमरकंटक आएंगे।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करके लिखा- सविन्दु सिन्धु-सुस्खलत्तरंगभंगरंजितं, द्विषत्सु पापजातजात करिवारी संयुतं । कृतांतदूत कालभूत भीतिहारी वर्मदे,त्वदीय पादपंकजं नमामि देवि नर्मदे।।  नर्मदा मैया की कृपा प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे।

मुख्यमंत्री ने माँ नर्मदा के उद्गम स्थल पर पूजा-अर्चना के बाद कहा कि जब देशभक्ति से ओतप्रोत बच्चे विकास और निर्माण के कार्यों से जुड़ते हैं तो देश बदल जाता है। गौरवशाली, गौरवशाली, समृद्ध, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है और हम सभी इसमें भागीदार हैं।

अमरकंटक में पूजन अर्चन के बाद सीएम शिवराज रीवा जायेंगे जहां वे लाड़ली बहना सम्मलेन के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होकर राशि अंतरित करेंगे। कार्यक्रम में सभी जिलों की ग्राम पंचायतें और वार्ड वर्चुअली जुड़ेंगे।