उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के दौरे पर हैं। इस दौरान उपराष्ट्रपति, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष और विजिटर जगदीप धनखड़ ने विश्वविद्यालय के नए परिसर का उद्घाटन किया और एमसीयू के चौथे दीक्षांत समारोह में छात्रों को डिग्रियां भी प्रदान कीं।

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में आयोजित 'चतुर्थ दीक्षांत समारोह के साथ ही विश्वविद्यालय के बिशनखेड़ी स्थित नवीन परिसर का लोकार्पण भी किया गया। समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

विश्वविद्यालय के कुलपति के जी सुरेश ने चतुर्थ दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को दीक्षोपदेश की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जनसम्पर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ला,, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव, सांसद प्रज्ञा ठाकुर उपस्थित रहे।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने विश्वविद्यालय के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में जून 2018 से दिसंबर 2022 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।  समारोह में 23 स्नातकोत्तर और पीएचडी छात्रों सहित लगभग 500 छात्रों को डिग्री प्रदान की गईं। विश्वविद्यालय के भोपाल सहित पांच परिसर और सोलह अध्ययन केंद्र हैं, जिनमें लगभग 2 लाख छात्र अध्ययन करते हैं।

एमसीयू के कुलपति प्रो. सुरेश के मुताबिक यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह काफी समय से लंबित था। कोविड काल के कारण यह समारोह आयोजित नहीं किया जा सका। लेकिन अब कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के बिशनखेड़ी, माखनपुरम परिसर स्थित गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में किया गया। विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार दीक्षांत समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के ही परिसर में होने जा रहा है।