कांग्रेस कर्नाटक में बंपर जीत के फॉर्मूले को अगले पांच राज्यों के चुनाव में भुनाना चाहती है। इसीलिए कांग्रेस कर्नाटक की तर्ज पर एमपी में भी योजनाएं लागू करने का वादा कर रही है। मध्य प्रदेश से कांग्रेस के दो राज्यसभा सदस्यों के बयान इसी ओर इशारा कर रहे हैं।

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह कह रहे हैं कि चुनाव जीतने के तुरंत बाद कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने प्रत्येक परिवार के गृह लक्ष्मी खाते में सीधे 2000 रुपये प्रति माह जमा करना शुरू कर दिया। मप्र में भी कांग्रेस की सरकार बनते ही हम हर वादा पूरा करेंगे।

वहीं, राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने मांग की है कि कर्नाटक की तर्ज पर चुनावी राज्यों सहित सभी कांग्रेस शासित राज्यों में 'गृह लक्ष्मी योजना' लागू की जानी चाहिए। विवेक तन्खा ने गुरुवार को ट्वीट किया, "चुनाव वाले राज्यों सहित सभी कांग्रेस शासित राज्यों को एक अभिनव और सार्थक 'गृह लक्ष्मी योजना' की घोषणा करनी चाहिए। माताओं के माध्यम से परिवार को सशक्त बनाएं।"

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भी कर्नाटक की कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई 'गृह लक्ष्मी योजना' की सराहना की।उन्होंने कहा "कांग्रेस और बीजेपी में यही अंतर है। हम सत्ता में आते ही अपने वादे पूरे करते हैं। बीजेपी पूरे 5 साल तक लोगों को लूटती है और आखिरी 3 महीने में लूटा हुआ पैसा बांट देती है। एमपी में यही हो रहा है।

यहां बता दें कि बुधवार (30 अगस्त) को कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने चुनावी गारंटी के तहत घोषित 'गृह लक्ष्मी योजना' के तहत महिलाओं के खाते में 2000 रुपये देने की शुरुआत की। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ दिग्गज नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे।