भोपाल: प्रदेश के मंडला जिले में मनेरी औद्योगिक विकास केंद्र के भूखण्ड क्रमांक 2 क्षेत्रफल 80 हजार वर्गमीटर में प्रदेश के उद्योगों से निकलने वाले परिसंकटमय अपशिष्ठों का निपटान यानि डिस्पोजल होगा। इसके लिये राज्य के पर्यावरण विभाग ने परिसंकटमय अपशिष्ठ प्रबंधन, हथालन एवं सीमापार संचलन नियम 2016 के तहत उक्त भूखण्ड को अधिसूचित कर दिया है।
जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राज्य में स्थित उद्योग जो मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्राधिकृत किये गये हैं, अपने परिसंकटमय अपशिष्ठों का डिस्पोजल उक्त निर्धारित स्थल पर सक सकेंगे। उपरोक्त स्थल का निर्माण, रखरखाव व बंद करने की प्रक्रिया समय-समय पर जारी शर्तों के आधार पर किया जाना होगा। उक्त स्थल का विकास मप्र औद्योगिक विकास केंद्र भोपाल द्वारा चयनित एजेन्सी द्वारा किया जायेगा। स्थल के चारों ओर 500 मीटर के क्षेत्र में आवासीय क्षेत्र का विस्तार वर्जित रहेगा।