बीते दो अगस्त से लापता नागपुर की BJP नेत्री सना खान की हत्या का खुलासा हुआ है, पुलिस ने सना के आरोपी पति अमित साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। जिसके बाद आरोपी को पुलिस क्राईम सीन पर ले गई है। इस मामले में पिता समेत 3 आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है।
हत्या की वजह 50 लाख रुपये का लेनदेन बताया जा रहा है। सना ने होटल में पार्टनरशिप के लिए अमित साहू को 50 लाख रुपए दिए थे। बीते 2 अगस्त की शाम को सना नागपुर से जबलपुर पहुंचकर अमित के घर गई थी। जब उसने 50 लाख लौटाने की बात कही तो दोनों के बीच विवाद हो गया। और अमित उर्फ पप्पू ने सना के सिर में डंडा मार दिया। अमित ने हत्या के बाद सना के शव को साथी की मदद से हिरन नदी में फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक सना का शव मिलना अब मुश्किल है, क्योंकि घटना वाले दिन तेज बारिश हो रही थी। नदी में पानी का बहाव भी तेज था। यह भी खुलासा हुआ है कि सना ने दोस्ती के बाद अमित साहू से कोर्ट मैरिज की थी। वहीं सना के परिजनों ने भी उसकी हत्या की आशंका जताई थी। सना नागपुर में BJP अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री थी। वहीं आरोपी अमित साहू जबलपुर में ढाबा का संचालन करता था।
पुलिस के अनुसार, सभी इनपुट लेने के बाद नागपुर पुलिस और नागपुर की क्राइम ब्रांच की टीम जबलपुर गई और अमित साहू को गिरफ्तार किया।अमित ने कबूल किया है कि उसने 2 तारीख को ही सना खान की हत्या करके शव को नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की सहायता करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है और एक अन्य साथी की तलाश जारी है।