इंदौर के कलेक्टर टी इलैया राजा ने हर महीने की 1 तारीख को आयोजित राष्ट्रगीत के दौरान कलाकारों, दिव्यांगों, ट्रांसजेंडर और निजी कलाकारों को एक मंच प्रदान करने का फैसला किया है। इस दौरान ये दिव्यांग कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे।

कलेक्टर के इस फैसले के बाद जहां एक ओर विभिन्न प्रतिभाओं वाले लोगों को नया मंच मिलेगा, वहीं दूसरी ओर प्रशासन के अधिकारी भी उनकी क्षमताओं से अवगत हो सकेंगे। राज्य शासन के आदेशानुसार प्रत्येक माह की प्रथम तिथि को कार्यालयीन कार्य प्रारम्भ करने से पूर्व राष्ट्रगीत वन्देमातरम गाने की व्यवस्था प्रभावी है।\

इसी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इंदौर कलेक्टर इलैया राजा ने मंगलवार यानी अगस्त के पहले दिन एक रचनात्मक पहल की है। कलेक्टर कार्यालय खुलने से पूर्व अभूति विजन सेवा संस्थान के दिव्यांग बच्चों द्वारा राष्ट्रगीत गाया गया तथा मतदाता जागरूकता हेतु स्वीप गतिविधि भी संचालित की गयी। 

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम दिन प्रशासनिक परिसर में कभी दिव्यांग, कभी कलाकार, कभी ट्रांसजेंडर तो कभी निजी कलाकारों द्वारा राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया जायेगा। इस संस्था के प्रेजेंटेशन पर कलेक्टर डॉ. टी इलैया राजा ने एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।