भारतीय वायुसेना 30 सितंबर को बड़ी झील पर एयर शो का आयोजन करने जा रही है। एयर शो के लिए पास जारी कर दिए गए हैं। इसके चलते केवल पास धारक ही बोट क्लब में प्रवेश कर सकेंगे। आयोजकों ने कार्यक्रम शुरू होने से ढाई घंटे पहले पहुंचने की अपील की है। इस दौरान सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक आसपास के इलाकों में वाहनों की एंट्री बैन रहेगी।
प्रवेश एवं पार्किंग व्यवस्था इस प्रकार रहेगी
नीले और हरे पास धारक विंड एंड वेव रेस्तरां एमपीटी के सामने उतरेंगे और अपने वाहन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानवता संग्रहालय में पार्क करेंगे। पीले पास वाले मीडिया सदस्य अपने वाहन होटल रंजीत लेक व्यू की पार्किंग में पार्क करेंगे।
कार्यक्रम में आमंत्रित 500 छात्रों को बोट क्लब पर छोड़ने के बाद बसें मानव संग्रहालय में पार्क की जाएंगी। स्मार्ट सिटी रोड, बाणगंगा, एक्वेरियम और पॉलिटेक्निक की ओर से आने वाले लोग अपने वाहन रवींद्र भवन परिसर में पार्क करेंगे।
वीआईपी रोड पर आने वाले पर्यटक अपने वाहन सदर मंजिल, पुराने आरटीओ कार्यालय, कोहेफिजा चौराहे पर पार्क करेंगे और पैदल वीआईपी रोड तक पहुंचेंगे। पॉलिटेक्निक चौराहा, किलोल पार्क से बोट क्लब की ओर वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
आम जनता कार्यक्रम देख सके इसके लिए रेतघाट से खानूगांव तक वीआईपी रोड पर व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में आने वाले पासधारक अपने वाहन पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर, मानस भवन परिसर, भारत भवन के सामने और टैगोर गर्ल्स हॉस्टल परिसर में पार्क कर सकेंगे।
किलोल पार्क से कमला पार्क और रेतघाट तक वाहनों की पार्किंग नहीं होगी। कार्यक्रम के दौरान लालघाटी से वीआईपी रोड, कलेक्टर कार्यालय से कोहफिजा, जीएडी चौराहा से करबला, किलोल पार्क से वीआईपी रोड पर यातायात पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
भारी एवं लोडिंग वाहनों पर प्रतिबंध
कार्यक्रम के दौरान सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी प्रकार के भारी, लोडिंग एवं ट्रैक्टर डिपो चौराहा, रंगमहल टॉकीज, रोशनपुरा, बाणगंगा, फिश हाउस, केएन प्रधान तिराहा, गांधी पार्क, सातवीं वाहिनी मुख्यालय, पॉलिटेक्निक होते हुए वीआईपी रोड की ओर चलेंगे। बड़े वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा आयोजकों ने पासधारक आगंतुकों से कार्यक्रम शुरू होने से ढाई घंटे पहले पहुंचने का अनुरोध किया है।
एयर शो की रिहर्सल में मिराज, तेजस, जगुआर, सूर्य किरण, सुखोई एसयू-30, सारंग हेलीकॉप्टर, गजराज और अन्य लड़ाकू विमानों ने आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन में प्रदर्शन किया। भारतीय वायुसेना के भारी विमान गजराज ने भी अपने करतब दिखाए। जिससे दर्शक रोमांच से भर गए। इस लड़ाकू विमान का पराक्रम देखने के लिए लोग सुबह से ही बोट क्लब और वीआईपी रोड पर आने लगे। दर्शकों ने विमान के दिलचस्प कारनामे को अपने कैमरे में कैद भी किया।