चुनाव आयोग आने वाले विधानसभा आम चुनावों के मद्देनजर राज्य के वन विभाग के 54 अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर भी नजर रखेगा। इसके लिये वन विभाग से सभी आवश्यक जानकारी ले ली गई है।
वन विभाग ने चुनाव आयोग को भेजी जानकारी में बताया है कि उसके यहां राज्य भर में 441 वन चौकियां हैं, 54 इंटर स्टेट चेक पोस्ट हैं और 24 इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट में उसका भी अमला शामिल है। चुनाव आयोग ने 54 इंटर स्टेट चेक पोस्ट को संवेदनशील माना है और इनमें विशेष अमला नियुक्त करने के लिये कहा है। इन 54 चेक पोस्ट में 20 चेक पोस्ट ऐसे हैं जिनमें सशस्त्र वन चौकी भी है।
छह माह में कोई मादक पदार्थ जब्त नहीं किया :
वन विभाग ने चुनाव आयोग को बताया है कि उसने पिछले छह माह में वन मार्गों पर कोई अवैध मादक पदार्थ जब्त नहीं किया है और चुनाव को प्रतिकूल रुप से प्रभावित करने वाले लोगों की वह जानकारी नहीं रखता है।
डीएफओ बनाये नोडल अधिकारी :
वन विभाग में मुख्यालय स्तर पर पीसीसीएफ समन्वय एचयू खान राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी एवं जिला स्तर पर संबंधित डीएफओ नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं जोकि चुनाव आयोग के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे।