मध्यप्रदेश के रतलाम से बुधवार रात चौकी के सामने धरना देने और सर तन से जुदा के नारे लगाने वाले लोगों के खिलाफ रतलाम पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसके साथ ही इंटरनेट पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाली लड़की को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। लड़की का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।

अब रतलाम की घटना को लेकर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि 'आतंकवादी नारे लगाने वालों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर NSA की कार्रवाई की जाएगी। मध्यप्रदेश राजस्थान नहीं है, मध्यप्रदेश में कांग्रेस की नहीं बल्कि बीजेपी की सरकार है। ऐसे विवादित नारे लगाने वाले हो जाएं सावधान, नहीं तो सख़्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे आतंकी नारे लगाने वालों को 24 घंटे के अंदर पता चल जाएगा, वे सावधान हो जाएं, नहीं तो उनका क्या होगा इसका अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता।

गौरतलब है कि नौ अगस्त को एक युवती ने इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर दी थी। जब यह खबर फैली तो मुस्लिम समुदाय के लोगों में गुस्सा फैल गया। बुधवार रात करीब 10 बजे बड़ी संख्या में गुस्साए लोग हाट रोड स्थित पुलिस चौकी पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कुछ ही देर में वहां भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने चौकी को घेर लिया और पोस्ट करने वाली लड़की की गिरफ्तारी और उसका घर तोड़ने की मांग करने लगे। साथ ही वहां जमा लोग सर तन से जुदा के नारे लगाने लगे।

आपको बता दें, कि रतलाम में लोगों ने आपत्तिजनक पोस्ट करने वाली युवती पर तत्काल कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसी बीच कुछ युवकों ने धरना दिया और वहां सर तन से जुदा के नारे लगाने लगे और सड़क पर जाम लगा दिया। हंगामा देर रात करीब 12 बजे तक चला। इसी के चलते दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पास के पुलिस स्टेशन से फोर्स को बुलाया गया। एफआईआर की प्रतियां सौंपी गईं और मुस्लिम समुदाय ने इसे माइक्रोफोन पर पढ़ा, जिसके बाद विरोध कम हो गया। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें प्रदर्शनकारियों की भीड़ में कुछ लोग 'सर तन से जुदा' के नारे लगाते नजर आ रहे हैं।