इंदौर की रीगल टॉकीज में आज अचानक आग लग गई। आग लगने पर आसपास रहने वाले लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। दो माह में यह दूसरी घटना है जब बंद हो चुकी टॉकीज में आग लगी। इससे पहले 7 अगस्त को भी यहां आग लग गई थी। इस बार आग टॉकीज के पिछले हिस्से में लगी।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग टॉकीज के पीछे रिहायशी इलाके से भागते नजर आए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद निवासियों ने आशंका जताई है कि इसके पीछे कोई साजिश हो सकती है। अब पुलिस भी साजिश या हादसे के पीछे की सच्चाई का पता लगा रही है। 

रिलीज हुई थी राजा हरिश्चंद्र

रीगल टॉकीज के इतिहास की बात करें तो यहां दिखाई गई फिल्म राजा हरिश्चंद्र थी। जो 85 साल पहले रिलीज हुई थी। यह भारतीय सिनेमा इतिहास की पहली फिल्म भी मानी जाती है। वहीं इस टॉकीज में दिखाई गई आखिरी फिल्म ड्रीम गर्ल थी। जिसके बाद ये टॉकीज बंद हो गई।

कानूनी कारणों से लीज का नवीनीकरण नहीं होने पर 2019 में टॉकीज को नगर निगम ने अपने कब्जे में ले लिया था। ये टॉकीज़ 85 वर्षों से भी अधिक समय से पूरे शहर के मनोरंजन का साधन थीं। हालाँकि, इसके बंद होने के बाद भी इस इलाके का नाम रीगल चौराहा बना हुआ है।