बीजेपी की पूर्व विधायक ममता मीणा चाचौड़ा विधानसभा सीट से टिकट न दिए जाने को लेकर नाराज़ चल रही हैं। अब ये कहा जा रहा है, कि वे बसपा या जयस से चुनाव लड़ सकती हैं। इसी बीच बीजेपी की पूर्व विधायक ममता मीणा की कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर ने सियासी गलियारों का टेंपरेचर राइज़ कर दिया है।
तस्वीर को लेकर ये कहा जा रहा है, कि राधोगढ़ क़िले से राजनीति की शुरुआत करने वाली चचोड़ा की पूर्व विधायक ममता मीणा लक्ष्मण सिंह की शरण में। पहले ये कहा जा रहा था, कि ममता मीणा के कांग्रेस में जाने के चांसेस काफी कम हैं, लेकिन अब ये तस्वीर तो कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
गुना जिले की चाचौड़ा सीट से बीजेपी विधायक रहीं ममता मीना ने हाल ही में बीनागंज में शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने पार्टी के खिलाफ खुलकर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर की थी। उनका कहना है, कि मेरे साथ बड़ी साजिश हुई है। जब मैंने कहा कि मुझे जिला पंचायत का अध्यक्ष बना दो तो मुझसे कहा गया कि अध्यक्ष बनना है या विधानसभा का टिकट लेना है। इस दौरान शक्ति प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में ममता मीना के समर्थक जुटे। उन्होंने टिकट बदलने की मांग की।
आपको बता दें, कि चाचौड़ा सीट पर बीजेपी ने 6 महीने पहले ही बीजेपी में शामिल हुईं आईआरएस अधिकारी प्रद्युम्न मीना की पत्नी प्रियंका मीना को टिकट दिया है। प्रियंका ने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव ममता मीना के खिलाफ लड़ा था। वह 250 से भी कम वोटों से हार गईं।
बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के दो महीने पहले ही 39 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बात करें चाचौड़ा की तो यहां से अभी कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह विधायक हैं। बीजेपी ने भी पुराने चेहरे पर भरोसा न करके यहां से नए चेहरे पर दांव लगाया है। जिसे लेकर पूर्व विधायक ममता मीना का गुस्सा फूट पड़ा है। आगे की रणनीति तय करने के लिए उन्होंने समर्थक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की थी। ममता का कहना है, कि पैराशूट से उतरे नेता को टिकट दिया गया है। उनकी 20 वर्ष की मेहनत पर 6 महीने भारी पड़ गए।