भोपाल: राज्य का राजस्व विभाग दो नवीन तहसील गठित करने जा रहा है तथा इसके लिये उसने अपना आशय जारी कर दिया है। आगामी 22 अक्टूबर के बाद ये नवीन तहसीलें मूर्त रुप ले लेंगी। इनमें सीधी जिले में वर्तमान तहसील रामपुर नैकिन को तोडक़र हनुमानगढ़ नामक नई तहसील बनाई जायेगी तथा इस नवीन तहसील में राजस्व निरीक्षक मंडल हनुमानगढ़ के 17 पटवारी हल्कों के 30 गांव एवं राजस्व निरीक्षक मंडल खड्डी के 17 पटवारी हल्कों 31 गांव, इस प्रकार कुल 34 पटवारी हल्कों के 61 गांव शामिल होंगे।
नई तहसील बनने पर रामपुर नैकित तहसील में रानिमं बघवार के 29 पटवारी हल्कों के 46 गांव, रानिमं रामपुर नैकित के 21 पटवारी हल्कों के 44 गांव, इस प्रकार कुल 41 पटवारी हल्कों के 90 गांव शामिल रहेंगे।
इसी प्रकार, निवाड़ी जिले में तहसील निवाड़ी को तोडक़र तरीचरकलां नाम से नवीन तहसील बनाई जायेगी जिसमें वर्तमान तहसील निवाड़ी के पटवारी हल्का भीतरी, बीजौर, बाघाट, देवरीकलरऊ, बपरौली, थौना, गुवावली, धमना, विनवारा, तरीचरकलां, पुछीकरगुवां, किशोरपुरा, शक्तिभैरो, धवा भंगरा, तरीचरखुर्द, सकूली, सेंदरी, कठऊपहाड़ी, सिन्दूर सागर, ढिमरपुरा, कुड़ार, उवौरा, चचावली एवं पठाराम, इस प्रकार कुल 24 पटवारी हल्के शामिल रहेंगे। तसील निवाड़ी में 32 पटवारी हल्के रह जायेंगे।