मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान का शुक्रवार को दमोह दौरा भी बारिश की वजह से स्थगित हो गया है। सीएम को दमोह में लाड़ली बहना योजना के सम्मेलन में शामिल होना था। इसके अलावा सीएम का यहाँ रोड शो करने का भी कार्यक्रम था।
सीएम शिवराज को 4 अगस्त को सुबह 11:30 बजे हेलीकाप्टर से दमोह पहुंचना था। इसके बाद तीन गुल्ली से स्टेशन चौराहा, राय तिराहा, घंटाघर से अम्बेडकर चौराहा और कीर्ति स्तम्भ चौराहा से रोड शो में भाग लेते हुए तहसील मैदान स्थित लाड़ली बहना सम्मेलन स्थल पर पहुँचना था। कार्यक्रम की अगली तारीख अभी तय नहीं की गई है।
इधर जबलपुर, मंडला और डिंडौरी में 2 दिन से लगातार बारिश होने से बरगी डैम के 21 में से 15 गेट गुरुवार रात 8 बजे खोलने पड़े। उमरिया, अनूपपुर, नरसिंहपुर, डिंडौरी, मंडला, शहडोल जिले में तेज बारिश के कारण शुक्रवार को स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। राजधानी भोपाल में भी शुक्रवार सुबह से बारिश जारी है।
मौसम विभाग के मुताबिक़ नॉर्थ ईस्ट एमपी के रीवा-सतना के ऊपर से गुजर रहे कम दबाव के सिस्टम के और नजदीक आने से पूर्वी हिस्से में भारी बारिश हो रही है। प्रदेश के भोपाल, नर्मदापुरम समेत अन्य संभाग में भी सिस्टम का असर है। शुक्रवार को दिनभर बारिश का मौसम बना रहेगा।