मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार 7 सितम्बर को मुख्यमंत्री निवास में 'पत्रकार समागम' का आयोजन किया गया। इस मौके पर सीएम शिवराज ने पत्रकारों के लिए कई घोषणाएं भी कीं।
सीएम शिवराज ने कहा कि पत्रकारों और उनके परिजनों को सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए अब 40 हजार रुपये और गंभीर बीमारियों में 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी। साथ ही वरिष्ठ पत्रकारों को मिलने वाली सम्मान निधि की राशि को 10 हजार रुपये से बढ़ाकर प्रतिमाह 20 हजार रुपये किया जा रहा है।
सम्मान निधि प्राप्त करने वाले पत्रकारों के निधन पर उनके परिवार को एकमुश्त 8 लाख रुपये की सहायता भी प्रदान की जायेगी। सीएम ने मालवीय नगर में स्थित पत्रकार भवन की जमीन पर नया एवं भव्य पत्रकार भवन बनाये जाने का एलान किया। साथ ही इस भवन को स्टेट मीडिया सेंटर का स्वरूप देने का काम भी किया जाएगा। स्टेट मीडिया सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस के लिए सभागार की व्यवस्था रहेगी। साथ ही पत्रकार बंधुओ के बैठने एवं चर्चा करने की व्यवस्था, लाइब्रेरी, कैंटीन सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेगी।
वहीं 65 से अधिक उम्र के पत्रकारों एवं उनकी पत्नी का पूरा प्रीमियम सरकार के द्वारा भरा जाएगा। साथ ही बीमा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि को 16 सितंबर से बढ़ाकर 25 सितंबर कर रहे हैं, ताकि कोई कठिनाई न हो। अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों को आवास ऋण ब्याज अनुदान योजना के अंतर्गत अधिकतम ऋण की सीमा 25 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये की जाएगी।
सीएम शिवराज ने इस मौके पर पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए कमेटी के गठन की बात कही , जिसमें सीनियर पत्रकार भी होंगे। यह कमेटी जो सुझाव देगी, उसके आधार पर कानून बनाया जाएगा।