इंदौर 1 विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी घोषित किये जाने के बाद से भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बयान लगातार सुर्खियों में हैं. अब कैलाश विजयवर्गीय का नया बयान सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. वहीं बयान पर सवाल भी उठ रहे हैं.
दरअसल बीजेपी के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए कैलाश विजयवर्गीय ने एक बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि जिस बूथ पर कांग्रेस को एक भी वोट नहीं मिलेगा, उस बूथ के अध्यक्ष को वे 51 हजार रुपए का ईनाम देंगे.
कैलाश विजयवर्गीय ने यह बात इंदौर एक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कही. उन्होंने कहा कि मैं ऐलान करता हूं कि जिस पोलिंग बूथ पर कांग्रेस को एक भी वोट नहीं मिलेगा, उस पोलिंग बूथ के बीजेपी अध्यक्ष को मैं 51 हजार रुपए का ईनाम दूंगा.
वहीं यह भी कहा जा रहा है कि कैलाश विजयवर्गीय खुलेआम धन का प्रलोभन दे रहे हैं जो नैतिक रूप से ठीक नहीं है. हाल ही में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि वे सिर्फ विधायक बनने नहीं आए हैं. पार्टी उनको इससे भी बड़ी कोई जिम्मेदारी देगी, इस बयान के भी सियासी मायने निकाले गए थे.