पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के बाद अब छिंदवाड़ा की धरती पर एक और पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और जिले के सांसद नकुल नाथ के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए पांच दिवसीय प्रभु कथा कार्यक्रम की मंजूरी दे दी है। पंडित प्रदीप मिश्रा की पांच दिवसीय कथा का आयोजन 5 सितंबर से 9 सितंबर तक किया जाएगा।

इससे पहले पीसीसी चीफ कमलनाथ ने मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आयोजन किया था। पंडित धीरेंद्र शास्त्री हनुमत कथा करने छिंदवाड़ा पहुंचे थे। बाबा बागेश्वर की तीन दिवसीय हनुमत कथा 7 अगस्त को सम्पन्न हुई। 

इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने धीरेंद्र शास्त्री की विदाई पर कहा, 'मैं हिंदू हूं और गर्व से कहता हूं कि मैं हिंदू हूं। आप आते रहिये अभी हमारा मन नहीं भरा है। आप हमें भूखा छोड़ रहे हैं।'

छिंदवाड़ा में पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कमलनाथ की तारीफ भी की। उन्होंने कहा, 'स्किल इंडिया का अच्छा उदाहरण हमने छिंदवाड़ा में देखा है, जहां दूसरे राज्यों से लोग आकर रोजगार पा रहे हैं। इसके लिए आपको कमलनाथ जी का धन्यवाद करना चाहिए। व्यापारिक दृष्टि से आपने इस प्रकार का कार्य यहां स्थापित किया है। वहीं, धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि छिंदवाड़ा आकर उन्हें बहुत खुशी हुई। कमलनाथ ने उनसे भविष्य में दोबारा आने को कहा है। वहीं सनातन धर्म पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सनातन धर्म सभी का है।