उज्जैन घटना की पीड़ित बच्ची और उसके परिजनों को प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ पांच लाख रुपए की मदद करेंगे। यह बात प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताई। दरअसल सुरजेवाला आज सुबह पीड़िता से मिलने के लिए इंदौर के अस्पताल जाने वाले थे, लेकिन जिला और पुलिस प्रशासन ने उन्हें बच्ची से मिलने नहीं दिया ।

सुरजेवाला आज इंदौर में पीड़ित बच्ची से मुलाकात करने वाले थे। जब मुलाकात नहीं हो सकी तो उन्होंने जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में उज्जैन और इंदौर दोनों ही जिला प्रशासन ने कांग्रेस और उसके नेताओं को गुमराह किया। बच्ची कहां की है यह भी नहीं बताया, साथ ही आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में भी कांग्रेस को प्रशासन ने गुमराह किया। 

उन्होंने कहा कि इस बच्ची के इलाज और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी हम सब की है। इसलिए कमलनाथ ने यह तय किया है कि बच्ची के परिजनों को पांच लाख रुपए देंगे। बच्ची की पढ़ाई और उसके पालन पोषण पर यह राशि खर्च की जाएगी। बच्ची को अच्छा माहौल मिल सके।