मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज जबलपुर जिले के कटंगी में आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन में सहभागिता कर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही कटंगी और पौड़ी को तहसील बनाने की घोषणा की।
सीएम शिवराज अपने स्वागत से भावुक दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि कटंगी की जनता ने जो प्यार और विश्वास मुझे दिया है, मैं वचन देता हूं कि जान भले ही चली जाए, लेकिन आपका प्यार और विश्वास कभी टूटने नहीं दूंगा।
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि शासकीय नौकरियों में भर्ती करने के साथ-साथ स्व-रोजगार की कई योजनाएं मध्यप्रदेश में निरंतर चल रही हैं। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमने "मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ" योजना भी लॉन्च कर दी है। मध्यप्रदेश में हमने विकास एवं जनसेवा का नया इतिहास रचा है। जनता की जिंदगी बदलने के लिए हम लगातार कार्य कर रहे हैं।
सीएम शिवराज ने फिर दोहराया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि केवल ₹1 हजार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे हम धीरे-धीरे बढ़ाते हुए ₹3 हजार तक ले जाएंगे।बहनें भी राजनीति में अपना नाम कमा पाएं, इसलिए हमने फैसला किया था कि स्थानीय निकाय के जितने भी चुनाव होंगे, उनमें 50% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी।