मध्य प्रदेश के खरगोन में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां यात्रियों से भरी बस पुलिया से नीचे गिर गई। खरगोन ज़िले के रोडिया के पास ये हादसा हुआ। इस बस में करीब 25 यात्री सवार थे। हादसे से पहले बस का लाइव वीडियो सामने आया है। हादसे की पूरी घटना बस के पीछे चल रहे एक चार पहिया वाहन में बैठे व्यक्ति ने कैमरे में कैद कर ली। जिस पुलिया से बस गिरी उसकी ऊंचाई 20 फीट बताई जा रही है।
हादसे में करीब 8 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को खरगोन जिला अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि बस क्रमांक MP10 P8088 सनावद की ओर जा रही थी। कहा जा रहा है, कि इसी दौरान बस का टायर फटने से बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पुलिया से नीचे गिर गयी। हादसा कैसे हुआ इसके बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। खरगोन जिला अस्पताल के सिविल सर्जन ने कहा है कि बस ड्राइवर को गंभीर चोटें आयी हैं। बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
हादसे को लेकर ये कहा जा रहा है, कि नदी में पानी कम होने के कारण किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। वहीं आसपास के लोगों का कहना था कि अगर पुल की ऊंचाई अधिक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे की सूचना मिलने पर रोडिया पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को बचा लिया गया। मौके पर मौजूद जीतू का कहना है कि हादसा बस का टायर फटने से हुआ है। बस के पानी में गिरते ही स्थानीय लोग जुटने लगे। जिसके बाद लोगों ने नदी में छलांग लगा दी और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया जहां उनका इलाज चल रहा है।