मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने भारत सरकार के मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा है। उन्होंने  मध्यप्रदेश सरकार द्वारा नई घोषणाओं पर रोक लगाने की मांग इस पत्र में की है। बीजेपी द्वारा 39 टिकटों की सूची जारी किए जाने के बाद शिवराज सरकार द्वारा की जा रही इन घोषणाओं को उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन बताया है।

आपको बता दें कि इससे पहले भी नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा था। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस को हटाने की मांग की थी। डॉ गोविंद सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में कहा है कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एन.जी.टी.) बेंच द्वारा मध्य प्रदेश सरकार के पूरे सिस्टम को अक्षम घोषित किया जा चुका है। बिना पढ़े सरकार का पक्ष रखने और ऐसी सख्त टिप्पणी करने पर कि ऐसे राज्य का भगवान ही मालिक है, मुख्य सचिव की ओर से 5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।